Home देशकटक के SCB मेडिकल कॉलेज में भीषण आग, ट्रॉमा ICU में 10 मरीजों की मौत; CM मोहन माझी ने किया 25 लाख मुआवजे का ऐलान

कटक के SCB मेडिकल कॉलेज में भीषण आग, ट्रॉमा ICU में 10 मरीजों की मौत; CM मोहन माझी ने किया 25 लाख मुआवजे का ऐलान

by Suhani Sharma
0 comments

ओडिशा के कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के ICU में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर वे मरीज बताए जा रहे हैं, जो उस समय ICU में भर्ती थे।

जानकारी के मुताबिक आग सुबह करीब 3 बजे ट्रॉमा केयर के इमरजेंसी विभाग की पहली मंजिल पर अचानक भड़क उठी। आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मरीजों के परिजन घबराकर इधर-उधर भागने लगे, जबकि अस्पताल प्रशासन ने तुरंत फायर सेफ्टी सिस्टम को सक्रिय कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान अस्पताल प्रशासन ने ICU में भर्ती मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। गंभीर हालत वाले कई मरीजों को अस्पताल की न्यू मेडिसिन ICU में स्थानांतरित किया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी तुरंत अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने न्यू मेडिसिन बिल्डिंग में जाकर आग से प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजे देने की घोषणा की है।

मौके पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कटक के जिला कलेक्टर और पुलिस के आला अधिकारी भी मौजूद हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी सिस्टम को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

You may also like

Leave a Comment