तेल संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में सरकार बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। देश में हर हफ्ते शनिवार और रविवार को स्मार्ट लॉकडाउन लागू करने का प्रस्ताव सामने आया है, जिसे 4 और 5 अप्रैल 2026 से लागू किया जा सकता है। इस प्रस्ताव के तहत शनिवार रात 12 बजकर 1 मिनट से लेकर रविवार रात 11 बजकर 59 मिनट तक पूरे देश में सख्त बंदी लागू रहेगी।
इस दौरान बाजार, दुकानें, फैक्ट्रियां और अधिकांश व्यावसायिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। सर्विस सेक्टर पर भी रोक रहेगी और किसी भी तरह के सार्वजनिक या व्यावसायिक समारोह, जैसे शादी-ब्याह, आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।

हालांकि आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल, दवा की दुकानें और अन्य आवश्यक सरकारी सेवाएं खुली रहेंगी। इसके अलावा एयरपोर्ट, बंदरगाह और रेलवे स्टेशन भी चालू रहेंगे, ताकि जरूरी आवाजाही और सेवाएं प्रभावित न हों।
सरकार ने यह भी प्रस्तावित किया है कि लॉकडाउन के दौरान शहरों के बीच सड़क, हाईवे और मोटरवे पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि जरूरी यात्रा के लिए पब्लिक बसों को छूट दी जा सकती है।
इसके साथ ही प्रांतीय सरकारों को निर्देश दिए गए हैं कि दोपहिया और तिपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन तेजी से पूरा किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को सीधे सब्सिडी दी जा सके।
सरकार का कहना है कि यह कदम देश में तेल की खपत को नियंत्रित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
