मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अनिश्चित हालात के बीच दुबई में फंसे भारतीयों के लिए एक भारतीय कारोबारी मददगार बनकर सामने आए हैं। अल मिजान ग्रुप के चेयरमैन योगेश दोषी ने मानवीय पहल करते हुए अपनी 64 अपार्टमेंट वाली आवासीय इमारत जरूरतमंद भारतीयों के लिए खोल दी है। इस इमारत में फंसे हुए लोगों को मुफ्त में रहने की सुविधा के साथ-साथ भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यह पहल इंडियन पीपुल्स फोरम यूएई और दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास के समन्वय से चलाई जा रही है। योगेश दोषी ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत अब तक 125 से अधिक भारतीयों को अस्थायी आश्रय दिया जा चुका है, जिनमें बच्चों वाले परिवार भी शामिल हैं।

दुबई में फंसे कई भारतीयों ने इस पहल को राहत भरा कदम बताया है। कुछ परिवारों का कहना है कि उनकी होटल बुकिंग खत्म हो चुकी थी और मौजूदा हालात में उसे बढ़ाना संभव नहीं था। ऐसे समय में यह व्यवस्था उनके लिए बड़ी मदद साबित हुई है।
संकट की इस घड़ी में भारतीय समुदाय की ओर से दिखाई गई यह एकजुटता और मदद की भावना लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है।