अयोध्या में चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित सूर्य मंदिर में भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवा रंग का ध्वज मंदिर के ध्वज दंड पर फहराया गया, जिस पर ‘ऊं’ अंकित है।
मंदिर के प्रवेश द्वार से बाएं परकोटा के नैऋत्य कोण पर स्थित सूर्य मंदिर के लगभग उन्नीस फीट सात इंच ऊंचे ध्वज दंड पर यह ध्वज स्थापित किया गया। ध्वज की लंबाई करीब नौ फीट तीन इंच और चौड़ाई चार फीट सात इंच बताई जा रही है, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इस धार्मिक आयोजन में कई प्रमुख संत-महात्मा और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए। महंत वैदेही वल्लभ शरण जी महाराज, महंत देवेंद्र प्रसादाचार्य जी महाराज, महंत रामचरणदास जी, जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्रीधराचार्य जी महाराज, स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज सहित कई संतों ने समारोह में भाग लिया।
इसके अलावा ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा, गोपाल नागरकट्टे और राम जन्मभूमि की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
नवरात्रि अष्टमी के इस विशेष आयोजन ने अयोध्या में भक्तिमय वातावरण को और भी भव्य बना दिया, जहां श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह साफ तौर पर देखने को मिला।
