महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के पास स्थित वाजेगांव पुल पर सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक अपनी मोटरसाइकिल समेत आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। यह हादसा सुबह करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के जलने के दौरान मोटरसाइकिल और उसके शरीर से कई बार धमाके जैसी आवाजें सुनाई दीं। इन आवाजों ने घटना को और भी रहस्यमयी बना दिया है, जिसके चलते स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ लोग इसे सामान्य हादसा मान रहे हैं, तो वहीं कुछ इसे साजिश या घात-पात से जोड़कर देख रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोटरसाइकिल में आग कैसे लगी और युवक इसकी चपेट में कैसे आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
इस हादसे में युवक करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया है, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसकी पहचान भी अभी तक नहीं हो सकी है।
यह घटना वाजेगांव की ईदगाह के पास हुई, जहां उस समय ईद की नमाज अदा की जा रही थी। बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे, जिससे घटना के बाद स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश जारी है। फिलहाल यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है, जिनके जवाब जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।