Home राजनीतिनेपाल चुनाव में ‘बालेन लहर’, कई सीटों पर आगे राष्ट्रीय स्वतंत्रता पार्टी, केपी ओली को बड़ा झटका

नेपाल चुनाव में ‘बालेन लहर’, कई सीटों पर आगे राष्ट्रीय स्वतंत्रता पार्टी, केपी ओली को बड़ा झटका

by Suhani Sharma
0 comments

नेपाल के राष्ट्रीय चुनाव के नतीजों में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है। वोटों की गिनती के शुरुआती रुझानों में काठमांडू के पूर्व मेयर और युवा नेता बालेंद्र शाह यानी बालेन शाह की पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्रता पार्टी शानदार बढ़त बनाती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि 165 सीटों वाली संसद में उनकी पार्टी कई सीटों पर आगे चल रही है, जिससे नेपाल की पारंपरिक राजनीतिक पार्टियों के लिए चुनौती खड़ी हो गई है।
खास बात यह है कि झापा-5 सीट पर खुद बालेन शाह पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक बालेन शाह को दस हजार से ज्यादा वोट मिल चुके हैं, जबकि ओली चार हजार से कुछ ज्यादा वोटों पर ही सिमटे नजर आ रहे हैं।
यह चुनाव पिछले साल हुए हिंसक जेन-ज़ी विरोध प्रदर्शनों के बाद कराया गया है। उन प्रदर्शनों के कारण केपी शर्मा ओली की गठबंधन सरकार गिर गई थी। इस बार के चुनाव में करीब 60 प्रतिशत मतदान हुआ है।


चुनाव में केपी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल यूएमएल, शेर बहादुर देउबा की नेपाली कांग्रेस और पुष्प कमल दहल प्रचंड की माओवादी सेंटर के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा था, लेकिन शुरुआती रुझानों ने तस्वीर बदल दी है। युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय बालेन शाह पारदर्शी और साफ-सुथरे प्रशासन का वादा करते हुए चुनाव मैदान में उतरे हैं।
अगर यही रुझान नतीजों में बदलते हैं और उनकी पार्टी बहुमत के करीब पहुंचती है, तो नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और बालेन शाह देश के अगले प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे निकल सकते हैं।

You may also like

Leave a Comment