Home राज्यउत्तर प्रदेशपत्नी से विवाद के बीच वृंदावन पहुंचे कुमार सानू, संत प्रेमानंद महाराज के सामने गाया “जब कोई बात बिगड़ जाए”

पत्नी से विवाद के बीच वृंदावन पहुंचे कुमार सानू, संत प्रेमानंद महाराज के सामने गाया “जब कोई बात बिगड़ जाए”

by Real Khabren
0 comments
पत्नी से विवाद के बीच वृंदावन

प्रसिद्ध गायक और पद्मश्री सम्मानित कुमार सानू पत्नी से चल रहे कानूनी विवाद के बीच वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने केलीकुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। आश्रम पहुंचकर कुमार सानू ने हाथ जोड़कर संत प्रेमानंद महाराज को प्रणाम किया और कहा कि वे उनके दर्शन और आशीर्वाद के लिए आए हैं।

इस दौरान कुमार सानू ने संत प्रेमानंद महाराज के सामने अपना बेहद लोकप्रिय गीत “जब कोई बात बिगड़ जाए” गाकर सुनाया। गीत सुनने के बाद संत प्रेमानंद महाराज ने कहा कि मनुष्य की सांस अनमोल है, इसलिए जीवन में हर समय भगवान के नाम का स्मरण करते रहना चाहिए।

आश्रम में मौजूद शिष्यों ने कुमार सानू का परिचय देते हुए बताया कि वे 90 के दशक से लगातार गायन कर रहे हैं और अब तक करीब 27 हजार गीत गा चुके हैं। कुमार सानू के साथ आए लोगों ने बताया कि वे अमेरिका से सीधे वृंदावन संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे हैं।

संत प्रेमानंद महाराज ने कुमार सानू से कहा कि लोकप्रिय होना सामान्य बात नहीं है, यह पूर्व जन्म के पुण्य और तप का परिणाम होता है। उन्होंने कहा कि आपकी आवाज भारतीय जनमानस के लिए कर्णप्रिय है और आपको ऐसे भजन व लोकोपकार के कार्य करने चाहिए, जिससे आगे भी यश और ईश्वर की कृपा बनी रहे। उन्होंने शिव नाम के निरंतर स्मरण का भी संदेश दिया।

गौरतलब है कि कुमार सानू का अपनी पूर्व पत्नी रीता भट्टाचार्य से कानूनी विवाद चल रहा है। उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर करते हुए 30 लाख रुपये के हर्जाने की मांग की है। यह मामला दोनों के तलाक के करीब 24 साल बाद सामने आया है। इसी विवाद के बीच कुमार सानू की वृंदावन यात्रा और संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है।

You may also like

Leave a Comment