Home देशपांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज, शाम 4 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज, शाम 4 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस

by Suhani Sharma
0 comments
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की

असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान आज किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने दिल्ली के विज्ञान भवन में आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें इन पांचों राज्यों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है।
दरअसल, इन सभी राज्यों की विधानसभा का कार्यकाल मई और जून के बीच समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई, केरल का 23 मई, तमिलनाडु का 10 मई, पश्चिम बंगाल का 7 मई और पुडुचेरी का 15 जून को खत्म हो रहा है। ऐसे में तय समय से पहले इन राज्यों में चुनाव कराना जरूरी है।

पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो असम में 126 सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान हुआ था, जिसमें एनडीए ने 75 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। वहीं पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए आठ चरणों में चुनाव हुए थे, जिसमें तृणमूल कांग्रेस ने 215 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की थी और ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनी थीं।
तमिलनाडु की 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ था, जहां डीएमके ने 133 सीटें जीतकर सरकार बनाई और एमके स्टालिन मुख्यमंत्री बने। केरल की 140 सीटों पर भी एक चरण में चुनाव हुए थे, जहां एलडीएफ ने 99 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी और पिनराई विजयन लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। वहीं पुडुचेरी की 30 सीटों पर हुए चुनाव में एनडीए ने 16 सीटें जीतकर सरकार बनाई और एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री बने।
अब पूरे देश की नजरें चुनाव आयोग की शाम 4 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां से पांच राज्यों के चुनावी कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा हो सकती है। इसके साथ ही इन राज्यों में आचार संहिता लागू होने का रास्ता भी साफ हो जाएगा।

You may also like

Leave a Comment