रिपोर्ट: सतेंद्र सिंह, बलिया।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस और इनामिया बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामिया बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश की पहचान टेंगर नट के रूप में हुई है, जो गड़वार थाना क्षेत्र के खरहाटार गांव का निवासी है। वह चोरी की कई घटनाओं में वांछित चल रहा था और पुलिस उसकी काफी समय से तलाश कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक गड़वार थाना क्षेत्र के जोगापुर श्मशान घाट नहर के पास पुलिस को बदमाश की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाश ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।

पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि एडिशनल एसपी कृपा शंकर ने की है।