महाराष्ट्र सरकार की ओर से मुंबई पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बोरिवली पश्चिम स्थित एमएचबी पुलिस स्टेशन को चार नई कारें और चार बाइक उपलब्ध कराई गई हैं।
इन नए वाहनों का उद्घाटन ज़ोन 11 के पुलिस उपायुक्त संदीप जाधव के हाथों किया गया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त संतोष धनवटे, एमएचबी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हरीश गवळी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

उद्घाटन के दौरान डीसीपी संदीप जाधव ने नारियल फोड़कर वाहनों को सेवा में शामिल किया। अधिकारियों ने बताया कि इन वाहनों की मदद से पुलिस किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर और भी तेजी से पहुंच सकेगी।
पुलिस विभाग का कहना है कि शिकायतकर्ताओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराना और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना इसका मुख्य उद्देश्य है। इसी योजना के तहत मुंबई के अन्य पुलिस स्टेशनों को भी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि पुलिस की प्रतिक्रिया समय को कम किया जा सके और नागरिकों को बेहतर सुरक्षा मिल सके।