भोंदू बाबा खरात की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। शिवसेना के प्रवक्ता अरुण सावंत ने इस पूरे मामले में उद्धव ठाकरे और संजय राउत पर निशाना साधते हुए पलटवार किया है।
अरुण सावंत ने भोंदू बाबा खरात की गिरफ्तारी पर गृह विभाग की सराहना की, लेकिन साथ ही विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल पुराने कार्यक्रमों की तस्वीरें दिखाकर सरकार और नेताओं को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं।

सावंत ने स्पष्ट किया कि जिन तस्वीरों को वायरल किया जा रहा है, उनमें देश के गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, चंद्रकांत पाटिल, अजित तटकरे, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मंत्री केसरकर जैसे कई बड़े नेता नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि इन तस्वीरों के आधार पर सरकार को बदनाम करना पूरी तरह गलत और भ्रामक है।

इसके साथ ही अरुण सावंत ने उद्धव ठाकरे पर भी सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भोंदू बाबा के आश्रम को पानी की आपूर्ति उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में ही दी गई थी। ऐसे में अब उन्हीं के द्वारा आरोप लगाना राजनीतिक दोहरापन है।
शिवसेना प्रवक्ता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे या अन्य नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश की गई, तो शिवसेना उसका करारा जवाब देगी।
फिलहाल इस मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने के संकेत मिल रहे हैं।