ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालात का असर अब शिक्षा व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने पश्चिम एशिया के कई देशों में आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। बोर्ड ने यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता को ध्यान में रखते हुए लिया है।
सीबीएसई के आधिकारिक नोटिस के मुताबिक मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में 16 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित होने वाली परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। प्रभावित देशों में बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं, जहां बड़ी संख्या में भारतीय मूल के छात्र सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में पढ़ाई करते हैं।

बोर्ड के अनुसार कक्षा 10 की 7 से 11 मार्च के बीच होने वाली सभी परीक्षाएं पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं और इनके परिणाम किस आधार पर घोषित किए जाएंगे, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। वहीं कक्षा 12 की परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित रखा गया है, क्योंकि यह छात्रों के उच्च शिक्षा और भविष्य से सीधे जुड़ी हुई हैं।
सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रभावित छात्रों के रिजल्ट का मूल्यांकन किस प्रक्रिया के तहत किया जाएगा, इस पर उचित समय पर फैसला लिया जाएगा। संभव है कि आंतरिक मूल्यांकन या किसी वैकल्पिक व्यवस्था के आधार पर परिणाम घोषित किए जाएं।

दरअसल फरवरी 2026 के अंत में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर सैन्य कार्रवाई के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव तेजी से बढ़ गया है। कई देशों में हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं, स्कूल बंद हैं और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऐसे में सीबीएसई का यह फैसला छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।