मुंबई में बृहन्मुंबई महानगरपालिका की स्थापत्य समिति (उपनगरे) के सभापति और उपसभापति पद के लिए आज हुई चुनाव प्रक्रिया में दोनों पदों पर निर्विरोध चुनाव हुआ। भारतीय जनता पार्टी की श्रीमती संगीता शर्मा को स्थापत्य समिति (उपनगर) का सभापति चुना गया है, जबकि शिवसेना के श्री सुरेश आवळे उपसभापति निर्वाचित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार सभापति पद के लिए संगीता शर्मा का एकमात्र नामांकन पत्र प्राप्त हुआ था। अन्य कोई उम्मीदवार सामने नहीं आने के कारण उन्हें निर्विरोध सभापति घोषित किया गया। इसी तरह उपसभापति पद के लिए शिवसेना के सुरेश आवळे का भी एकमात्र नामांकन पत्र प्राप्त हुआ, जिसके चलते उनकी भी निर्विरोध नियुक्ति की घोषणा की गई।

इस चुनाव प्रक्रिया का संचालन पीठासीन अधिकारी के रूप में मुंबई के उपमहापौर संजय घाडी ने किया। चुनाव के दौरान समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में प्रमुख अभियंता (पर्यावरण और वातावरणीय बदलाव) प्रदीप गवळी, महानगरपालिका सचिव मंजिरी देशपांडे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
बताया जा रहा है कि नई नेतृत्व टीम के गठन के बाद अब उपनगरों में विकास कार्यों और निर्माण से जुड़े फैसलों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।