Home वेब स्टोरीजमुंबई में कमजोर पड़ रही रिपब्लिकन पार्टी पर भड़के केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, कार्यकर्ताओं को दी आत्ममंथन की नसीहत

मुंबई में कमजोर पड़ रही रिपब्लिकन पार्टी पर भड़के केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, कार्यकर्ताओं को दी आत्ममंथन की नसीहत

by Suhani Sharma
0 comments

मुंबई से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है, जहां केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को कड़ी फटकार लगाई है। एक समय मुंबई में 12 नगरसेवक जिताने वाली रिपब्लिकन पार्टी आज कमजोर क्यों पड़ रही है इस पर उन्होंने खुलकर नाराजगी जताई।
चेंबूर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आठवले ने कहा कि देशभर में पार्टी का विस्तार हो रहा है। नागालैंड जैसे राज्य में पार्टी के विधायक चुने जा रहे हैं और मणिपुर में भी पार्टी को अच्छा वोट शेयर मिला है। लेकिन मुंबई में पार्टी को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से साफ शब्दों में कहा कि अब समय आ गया है आत्ममंथन का। वरिष्ठ नेताओं को पीछे हटकर युवाओं को मौका देना चाहिए और दलित पैंथर जैसी मजबूत युवा ताकत फिर से खड़ी करनी चाहिए।


आठवले ने यह भी कहा कि केवल एक समाज के वोट के भरोसे चुनाव नहीं जीते जा सकते, बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जमीनी स्तर पर काम करें और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करें।
अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए आठवले ने कहा कि उन्होंने कभी किसी से पद नहीं मांगा, बल्कि जनता के समर्थन से यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में तीन बार मंत्री बनने का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान आठवले ने अपने अंदाज में कविता भी सुनाई, जिसमें उन्होंने अपने संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण को व्यक्त किया।
इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ देखने को मिली।

You may also like

Leave a Comment