Home राज्यमहाराष्ट्रमुंबई में मानसून से पहले नालों की सफाई तेज, मेयर रितू तावड़े ने ‘एन’ वार्ड में अभियान की शुरुआत की

मुंबई में मानसून से पहले नालों की सफाई तेज, मेयर रितू तावड़े ने ‘एन’ वार्ड में अभियान की शुरुआत की

0 comments

मुंबई में हर साल मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने इस बार पहले से ही तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने परिमंडल 6 के अंतर्गत आने वाले ‘एन’ वार्ड के सोमैया नाले से नालों की सफाई यानी डीसिल्टिंग अभियान का शुभारंभ किया।


बीएमसी द्वारा यह अभियान मानसून पूर्व तैयारियों का अहम हिस्सा है, जिसके तहत शहर के प्रमुख नालों से गाद निकालकर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। ‘एन’ वार्ड में कुल 14 नालों की सफाई की जाएगी, जिनकी कुल लंबाई 15,885 मीटर है। इनमें सोमैया नाला और लक्ष्मीबाग नाला जैसे प्रमुख नाले शामिल हैं।


महानगरपालिका ने इस वर्ष 22,511 मीट्रिक टन गाद निकालने का लक्ष्य तय किया है, जिससे बारिश के दौरान पानी का तेजी से निचरा हो सके और सड़कों पर जलभराव की स्थिति से बचा जा सके।
इस मौके पर मेयर रितू तावड़े ने कहा कि मानसून के दौरान मुंबई में जलभराव रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि डीसिल्टिंग का काम पारदर्शिता के साथ और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। बीएमसी ने यह लक्ष्य रखा है कि मई 2026 के अंत तक सभी नालों की सफाई का काम पूरा कर लिया जाएगा।
इस दौरान परिमंडल 6 के कार्यकारी अभियंता सचिन जाधवर, दुय्यम अभियंता राजेंद्र नागरे, समीर कुडालकर और संदीप पवार सहित अन्य अधिकारी और संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
अब देखना यह होगा कि इस बार समय पर की गई यह तैयारी मुंबई को मानसून में जलभराव की समस्या से कितनी राहत दिला पाती है।

You may also like

Leave a Comment