टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने हार की बड़ी वजह अपनी फील्डिंग की गलती को बताया।मैच के बाद ब्रूक ने स्वीकार किया कि भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन का कैच छोड़ना उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई। सैमसन को 15 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला था, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और 42 गेंदों में 89 रन की धमाकेदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 7 छक्के और 8 चौके लगाए और टीम को 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

ब्रूक ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि पहली पारी में गेंद धीमी रहेगी और स्पिनरों को मदद मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आ रही थी और भारतीय बल्लेबाजों ने इसका पूरा फायदा उठाया। उन्होंने कहा, “मैं स्वीकार करता हूं कि सैमसन का कैच छोड़ना मेरी बहुत बड़ी गलती थी। हम फील्डिंग में उतने अच्छे नहीं थे और भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ ऐसी गलतियां भारी पड़ जाती हैं।”254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने भी जबरदस्त संघर्ष किया। इंग्लैंड के बल्लेबाज बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 105 रन की पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 8 चौके शामिल थे। हालांकि उनकी इस शतकीय पारी के बावजूद इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 246 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 7 रन से जीत लिया।

ब्रूक ने बेथेल की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और भविष्य में क्रिकेट जगत में बड़ा नाम बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेथेल ने पहली ही गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी की और दिखाया कि वह कितने प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं।इस मुकाबले में कुल 73 बाउंड्री (39 चौके और 34 छक्के) लगीं, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी मैच में सबसे ज्यादा हैं। इसके साथ ही भारत ने चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाकर नया रिकॉर्ड भी कायम किया।