शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला होने की खबर सामने आई है। यह हमला उस वक्त हुआ जब आशुतोष ब्रह्मचारी रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच कुछ हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में आशुतोष ब्रह्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि हमलावरों से जान बचाने के लिए आशुतोष ब्रह्मचारी ने ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर लिया। इसी वजह से उनकी जान बच पाई।
एबीपी न्यूज से फोन पर बातचीत में आशुतोष ब्रह्मचारी ने दावा किया कि हमलावर उनकी नाक काटने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने इस हमले के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का नाम लिया है।

फिलहाल आशुतोष ब्रह्मचारी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचे हैं और उन्होंने प्रयागराज जीआरपी में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने इससे पहले प्रयागराज में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर यौन उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से लाए गए युवा बटुकों के साथ आश्रमों में गलत व्यवहार किया गया।
अब इस हमले के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है।