देश की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावी कार्यक्रम की जानकारी दी।
चुनाव आयोग के मुताबिक असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। वहीं तमिलनाडु में भी एक चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में चुनाव होंगे, जहां पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। इन सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार पांचों राज्यों में कुल 824 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए करीब 2 लाख 18 हजार से अधिक पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। आयोग ने बताया कि सभी पोलिंग स्टेशनों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की जा सके।
इन पांचों राज्यों के चुनाव में लगभग 7.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव आयोग ने यह भी जानकारी दी कि चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए करीब 25 लाख चुनाव कर्मियों और अधिकारियों को तैनात किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में सुरक्षा बल भी शामिल होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग हर मतदाता का स्वागत करने के लिए तैयार है और सभी से आग्रह है कि वे गर्व के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करें। अब देश की नजरें इन राज्यों के चुनावी मुकाबले पर टिकी हैं, जहां आने वाले दिनों में सियासी सरगर्मियां और तेज होने की उम्मीद है।