मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव से पहले महायुति गठबंधन ने महिलाओं को बड़ी राहत देने वाला अहम ऐलान किया है। संयुक्त घोषणापत्र जारी करते हुए महायुति ने BEST बसों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत किराया छूट देने का वादा किया है। इस घोषणा को सीधे तौर पर महिला वोटर्स को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
घोषणापत्र के मुताबिक, मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए BEST बसों की संख्या मौजूदा 5 हजार से बढ़ाकर 10 हजार की जाएगी। इसके साथ ही 2029 तक BEST को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बस सेवा में तब्दील करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे प्रदूषण कम होगा और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

महायुति का कहना है कि महिलाओं के लिए किराया छूट से रोजाना यात्रा करने वाली कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और घरेलू जिम्मेदारियों के लिए सफर करने वाली महिलाओं को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। यह योजना महिलाओं को सुरक्षित, सस्ता और सुलभ परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
BEST के अलावा घोषणापत्र में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी जोर दिया गया है। ‘प्यारी बहन’ योजना के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त लोन देने का ऐलान किया गया है।

महायुति नेताओं का दावा है कि इससे महिलाएं स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय की ओर आगे बढ़ सकेंगी।
चुनाव से ठीक पहले किए गए इन वादों को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज है। अब देखना होगा कि BEST में महिलाओं को मिलने वाली यह राहत और अन्य घोषणाएं बीएमसी चुनाव में महायुति के लिए कितनी असरदार साबित होती हैं।