मुंबई में पशु स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका और टाटा ट्रस्ट द्वारा संचालित महालक्ष्मी स्थित छोटे पालतू जानवरों के अस्पताल में जल्द ही इन्सिनरेटर सुविधा शुरू होने जा रही है। इस अत्याधुनिक व्यवस्था के माध्यम से छोटे जानवरों और पक्षियों के मृतदेहों का सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से अंतिम संस्कार किया जा सकेगा।
अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (सिटी) डॉ. अश्विनी जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में प्रति घंटे 50 किलो क्षमता वाला इन्सिनरेटर लगाया गया है, जो अब संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। इस सुविधा से पशुओं के मृतदेहों और जैव-चिकित्सीय कचरे के वैज्ञानिक निपटान में मदद मिलेगी और सार्वजनिक स्वास्थ्य को भी फायदा होगा।
डॉ. अश्विनी जोशी ने शुक्रवार, 13 मार्च 2026 को महालक्ष्मी स्थित इस अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जी साउथ वार्ड की सहायक आयुक्त स्वप्नजा क्षीरसागर, पशुवैद्यकीय स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख डॉ. कलिमपाशा पठाण, अस्पताल के निदेशक मेहरनोश कपाड़िया और अस्पताल प्रशासन के प्रमुख मेजर जनरल प्रमोद बत्रा भी मौजूद रहे।

चार मंजिला इस अत्याधुनिक अस्पताल में छोटे जानवरों के इलाज के लिए व्यापक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां चार आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, विशेषज्ञ पशु सर्जन, लगभग 200 जानवरों के इलाज की क्षमता, जनरल वार्ड, आईसीयू और हाई डिपेंडेंसी यूनिट मौजूद हैं। इसके अलावा एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासोनोग्राफी, पैथोलॉजी लैब और 2-डी इको जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी यहां उपलब्ध हैं।
अस्पताल में पशुओं के लिए ब्लड बैंक, दंत चिकित्सा, त्वचा रोग उपचार, नेत्र चिकित्सा, एंडोस्कोपी, फिजियोथेरपी और हाइड्रोथेरपी जैसी विशेष सेवाएं भी दी जा रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की अत्याधुनिक सुविधाओं से मुंबई की पशु स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और पालतू जानवरों के लिए बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।