टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने 7 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। इस मुकाबले में विकेटकीपर बल्लेबाज Sanju Samson ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 42 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 89 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस मैच विनिंग पारी की बदौलत भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
जवाब में इंग्लैंड की टीम ने भी जबरदस्त मुकाबला किया और 7 विकेट के नुकसान पर 246 रन बना डाले, लेकिन आखिर में भारत ने 7 रन से जीत दर्ज कर ली। इस शानदार पारी के लिए सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन अवॉर्ड लेने के दौरान उन्होंने बड़ी विनम्रता दिखाते हुए कहा कि इस सम्मान के असली हकदार वह नहीं बल्कि तेज गेंदबाज़ Jasprit Bumrah हैं।

सैमसन ने कहा कि बुमराह ने मुश्किल हालात में शानदार गेंदबाज़ी की और डेथ ओवर्स में इंग्लैंड की रन गति को रोक दिया। खास तौर पर 18वें ओवर में उन्होंने सिर्फ 6 रन दिए, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। सैमसन ने बुमराह को वर्ल्ड क्लास गेंदबाज़ बताते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ी पीढ़ी में एक बार आते हैं और टीम की जीत में उनका योगदान बेहद अहम रहा।

सैमसन ने अपनी पारी को लेकर कहा कि वह पिछले मैच से अच्छी लय में थे और उन्होंने अपनी बल्लेबाज़ी को उसी अंदाज़ में जारी रखने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वानखेड़े जैसे मैदान पर कोई भी स्कोर सुरक्षित नहीं होता, इसलिए उनका लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा रन बनाना था।
सेमीफाइनल में यह लगातार दूसरा मौका है जब सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला है। इससे पहले उन्होंने सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेलकर भी यह सम्मान अपने नाम किया था।