Home नॉलेजअंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी का संदेश, ‘नारी शक्ति प्रगतिशील राष्ट्र की आधारशिला’

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी का संदेश, ‘नारी शक्ति प्रगतिशील राष्ट्र की आधारशिला’

by Suhani Sharma
0 comments

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने महिलाओं की भूमिका और योगदान को लेकर विशेष संदेश दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश-दुनिया की महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए ‘नारी शक्ति’ को राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला बताया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं किसी भी प्रगतिशील राष्ट्र की स्तंभ होती हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और साहस के साथ नेतृत्व करते हुए समाज को अधिक समावेशी और समृद्ध बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर समाज से आह्वान किया कि ऐसा वातावरण बनाया जाए जहां हर महिला को गरिमा, सुरक्षा और स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।


वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि भारत की नारी शक्ति की उपलब्धियां पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं दृढ़ संकल्प, रचनात्मकता और अद्वितीय उत्साह के साथ देश की प्रगति को नई दिशा दे रही हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों का केंद्र है और सरकार ऐसी संभावनाएं और अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे हर महिला अपनी पूरी क्षमता के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सके।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि भारत की प्रगति के साथ-साथ महिलाओं की आकांक्षाएं और उनका योगदान एक सशक्त और विकसित भारत की दिशा में देश की सामूहिक यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर देशभर में भी महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

You may also like

Leave a Comment