अमेरिका में करीब 50 साल बाद एक नई ऑयल रिफाइनरी बनने जा रही है। इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप के मुताबिक टेक्सास के Port of Brownsville में बनने वाली इस नई रिफाइनरी में भारत की दिग्गज कंपनी Reliance Industries निवेश करेगी।
बताया जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट करीब 300 अरब डॉलर का होगा और इसे अमेरिका के इतिहास की सबसे बड़ी निवेश डील में से एक माना जा रहा है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इसकी जानकारी देते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज को इस निवेश के लिए धन्यवाद भी दिया।
ट्रंप के अनुसार इस रिफाइनरी का निर्माण ‘अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग’ कंपनी द्वारा किया जाएगा। उनका कहना है कि यह अमेरिका में पिछले 50 वर्षों में बनने वाली पहली नई ऑयल रिफाइनरी होगी।

टेक्सास का पोर्ट ऑफ ब्राउन्सविल अमेरिका के गल्फ कोस्ट का एक अहम शिपिंग हब माना जाता है। इस रिफाइनरी के बनने से न सिर्फ अमेरिका के घरेलू बाजार में ईंधन की सप्लाई मजबूत होगी, बल्कि वैश्विक ऊर्जा निर्यात को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ट्रंप ने दावा किया है कि यह रिफाइनरी दुनिया की सबसे स्वच्छ और आधुनिक रिफाइनरियों में से एक होगी। साथ ही इससे अमेरिका के ऊर्जा उत्पादन को मजबूती मिलेगी, राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और दक्षिण टेक्सास में हजारों नई नौकरियां पैदा होंगी।
इसके अलावा इस प्रोजेक्ट से अरबों डॉलर की आर्थिक गतिविधि भी उत्पन्न होने की उम्मीद जताई जा रही है। ट्रंप ने इस निवेश को अपनी ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति का नतीजा बताते हुए कहा कि परमिट प्रक्रिया को आसान बनाने और टैक्स में राहत जैसी नीतियों के कारण अमेरिका में बड़े निवेश आकर्षित हो रहे हैं।