Home राज्यउत्तर प्रदेशआजमगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर में बड़ी चोरी, छह नर्सों के घर से लाखों के जेवर और लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी

आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर में बड़ी चोरी, छह नर्सों के घर से लाखों के जेवर और लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी

by Suhani Sharma
0 comments
आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर में बड़ी

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर परिसर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शनिवार की रात नकाबपोश चोरों ने मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में रहने वाली छह स्टाफ नर्सों के घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर, कीमती सामान और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी कर लिया। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक टाइप-3 आवास में रहने वाली स्टाफ नर्स सीमा सिंह, सुमन सिंह, रजावती यादव, मधु भारती और हेमलता पांडेय तथा टाइप-1 के डी ब्लॉक में रहने वाली स्टाफ नर्स अनुपमा छुट्टी पर अपने-अपने घर गई हुई थीं। इसी का फायदा उठाकर शनिवार रात चोरों ने आवासों के दरवाजों की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घरों में रखे जेवरात और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि स्टाफ नर्स सुमन सिंह के घर से शादी के लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान चोरी हो गया। वहीं एक अन्य आवास से लाइसेंसी रिवॉल्वर भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा चोरों ने एक डॉक्टर समेत दो अन्य आवासों में भी चोरी का प्रयास किया, हालांकि वहां वे सफल नहीं हो सके।

रविवार सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीओ सदर आस्था जायसवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।

एसपी यातायात विवेक त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है। फिलहाल इस वारदात के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।




You may also like

Leave a Comment