उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ हथिगवा थाना क्षेत्र के बरोंधा अंडरपास के पास उस समय हुई जब पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान इब्राहिम के रूप में हुई है, जो हाल ही में हुई हाइवे लूट की घटना का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार फरवरी माह में भैरव बाबा समसपुर के पास हाइवे पर हुई लूट की वारदात में इब्राहिम शामिल था और तभी से उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, एक बाइक, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में इब्राहिम के दो अन्य साथी अब्दुल रहमान और अलहसन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।