Home राज्यउत्तर प्रदेशरील वाली वर्दी पर यूपी पुलिस सख्त, सोशल मीडिया पॉलिसी तोड़ने वाले कर्मियों पर होगी कार्रवाई

रील वाली वर्दी पर यूपी पुलिस सख्त, सोशल मीडिया पॉलिसी तोड़ने वाले कर्मियों पर होगी कार्रवाई

by Kalpana Pandey
0 comments

उत्तर प्रदेश पुलिस अब सोशल मीडिया पर वर्दी में रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रही है। यूपी पुलिस मुख्यालय की ओर से 15 मई 2026 को नया आदेश जारी किया गया है, जिसमें साफ कहा गया है कि सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


दरअसल, पिछले कुछ समय से कई पुलिसकर्मी वर्दी पहनकर इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील और वीडियो पोस्ट कर रहे थे। इनमें कई वीडियो ऐसे पाए गए जिन्हें पुलिस मुख्यालय ने आपत्तिजनक और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हो रही है और सरकारी कार्य भी बाधित हो रहे हैं।


एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश की ओर से जारी आदेश में सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों को चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई की जाए।


बताया जा रहा है कि यह आदेश डीजीपी के अनुमोदन के बाद जारी किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने साफ संकेत दिए हैं कि अब वर्दी में फिल्मी अंदाज, डायलॉगबाजी और वायरल रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।


यानी अब सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए वर्दी का इस्तेमाल करने वाले यूपी पुलिसकर्मियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

You may also like

Leave a Comment