ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिका ने ईरान के कई शीर्ष नेताओं की जानकारी देने वालों के लिए भारी इनाम की घोषणा की है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने “Rewards for Justice” कार्यक्रम के तहत Mojtaba Khamenei समेत 10 ईरानी नेताओं के बारे में जानकारी देने पर 1 करोड़ डॉलर तक के इनाम का ऐलान किया है। मोजतबा, ईरान के सुप्रीम लीडर Ali Khamenei के बेटे हैं और उन्हें ईरान की सत्ता और सुरक्षा ढांचे में प्रभावशाली माना जाता है।
अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी पोस्टर में कहा गया है कि ये सभी व्यक्ति आईआरजीसी से जुड़े हैं और इसके विभिन्न हिस्सों का नेतृत्व करते हैं। अमेरिका का आरोप है कि आईआरजीसी दुनिया भर में आतंकवादी गतिविधियों की योजना बनाने, उन्हें संगठित करने और अंजाम देने में भूमिका निभाती है।

इस सूची में ईरान के खुफिया मंत्री Esmail Khatib, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ Ali Asghar Hejazi, मेजर जनरल Yahya Rahim Safavi, गृह मंत्री Eskandar Momeni और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव Ali Larijani जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि इन नेताओं या आईआरजीसी के अन्य वरिष्ठ कमांडरों से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी देने वालों को “Rewards for Justice” कार्यक्रम के सुरक्षित चैनलों के माध्यम से संपर्क करना होगा। जरूरत पड़ने पर जानकारी देने वाले व्यक्ति को किसी अन्य देश में बसाने की सुविधा भी दी जा सकती है।
गौरतलब है कि यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और अमेरिका, ईरानी सुरक्षा तथा खुफिया नेटवर्क पर दबाव बढ़ाने की रणनीति अपना रहा है।