तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शहर के नवल्लूर इलाके में एक घर में रखा गैस सिलेंडर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि धमाके से आसपास के तीन मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग मलबे के नीचे दब गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। थाझाम्बूर पुलिस स्टेशन की टीम

और फायर ब्रिगेड ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। बचाए गए घायलों में प्रदीप (7), सेल्वी (40), वैरामुथु (45), संजीव कुमार (27), सोनिया (25), मुरुगन (45) और चित्रा (55) शामिल हैं। सभी घायलों को गंभीर हालत में नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला गैस सिलेंडर फटने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।