
छावनी बस्ती: नेशनल हाईवे स्थित चौकड़ी टोल प्लाजा की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। टोल प्लाजा से पहले लगाए गए कई दिशा-सूचक और सावधानी संबंधी बोर्ड टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि कुछ चेतावनी संकेत झाड़ियों में छिपे हुए हैं। ऐसे में वाहन चालकों को पर्याप्त दूरी से टोल प्लाजा की जानकारी नहीं मिल पा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वाहन चालकों को टोल प्लाजा के काफी करीब पहुंचने के बाद इसकी जानकारी होती है। तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक टोल प्लाजा आने पर अचानक ब्रेक लगाने या लेन बदलने की स्थिति बन सकती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
हाल ही में बैरियर गिरने से एक अधिकारी की गाड़ी का शीशा टूटने की घटना भी सामने आने का दावा किया गया है। इसके बावजूद टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आने पर लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार मैनेजर और संबंधित अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी के बजाय महज औपचारिकता पूरी करते नजर आते हैं। टूटे हुए बोर्ड, झाड़ियों में छिपे संकेतक और अन्य सुरक्षा संबंधी खामियां व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर रही हैं।
लोगों ने मांग की है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारी तत्काल मामले का संज्ञान लें। सभी क्षतिग्रस्त बोर्डों को दुरुस्त कराया जाए, झाड़ियों की सफाई कराई जाए और टोल प्लाजा से पर्याप्त दूरी पर बड़े एवं स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते टोल प्लाजा की जानकारी मिल सके और हादसों का खतरा कम हो।