उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस और एक फरार बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। इस मुठभेड़ में हत्या के मामले में फरार चल रहा आरोपी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में फरार बदमाश इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने हल्दी थाना क्षेत्र के मुडाडीह से सोनवानी जाने वाले रोड पर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में बदमाश मनोज यादव, निवासी बबुआपुर कठही, के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल बदमाश को तुरंत पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक 315 बोर का खोखा भी बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पहले से ही हत्या के मामले में फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में बलिया के एडिशनल एसपी कृपा शंकर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद घेराबंदी की गई थी, इसी दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।