
मुंबई। भारतीय नौसेना की समुद्री और अंडरवॉटर ऑपरेशनल क्षमताओं को और मजबूती मिली है। नौसेना ने अपने दूसरे डाइविंग सपोर्ट वेसल (DSV) INS ‘निपुण’ को आधिकारिक रूप से सेवा में शामिल कर लिया है। इसका कमीशनिंग समारोह 31 अगस्त 2026 को मुंबई स्थित नौसेना गोदी में आयोजित किया गया।
INS ‘निपुण’ को विशेष रूप से गहरे समुद्र में डाइविंग ऑपरेशन, पानी के भीतर हस्तक्षेप और पनडुब्बी बचाव अभियानों के लिए तैयार किया गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह पोत समुद्र की गहराई में नौसेना के अभियानों को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
किसी पनडुब्बी या समुद्री उपकरण से जुड़ी आपात स्थिति में INS ‘निपुण’ के जरिए बचाव अभियान और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। इसके नौसेना के बेड़े में शामिल होने से भारत की अंडरवॉटर सर्विलांस, डाइविंग और सबमरीन रेस्क्यू क्षमता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
INS ‘निपुण’ का कमीशनिंग भारत की समुद्री सुरक्षा और गहरे समुद्र में रणनीतिक ऑपरेशनल क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।