
मुंबई: बढ़ती महंगाई के विरोध में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) की विक्रोली विधानसभा और वार्ड क्रमांक 120 की ओर से जोरदार आंदोलन किया गया। पेट्रोल-डीजल, गैस, सब्जियां, दूध और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
आंदोलन के दौरान महिलाओं ने ‘लाडले भाई’ को प्याज की राखी बांधकर बढ़ती महंगाई का अनोखे अंदाज में विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महंगाई के कारण आम लोगों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
मनसे कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को ₹1,500 की आर्थिक मदद देने के मुद्दे पर भी सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना है कि महिलाओं को ₹1,500 देने के बजाय लगातार बढ़ रही महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
पेट्रोल-डीजल, गैस और जरूरी सामान की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। मनसे ने सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण लगाने और आम जनता को राहत देने की मांग की।
‘महंगाई कम करो’, ‘आम जनता को राहत दो’ जैसे नारों के साथ हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मनसे कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं।