महाराष्ट्र में पेश किए गए नए बजट को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने जहां इस बजट को किसानों और आम जनता के हित में बताया है, वहीं विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है। इसी बीच भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने विपक्ष और खासतौर पर शिवसेना नेता संजय राउत पर तीखा हमला बोला है।
मुंबई में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवनाथ बन ने कहा कि महायुति सरकार ने किसानों से किया कर्जमाफी का वादा निभाया है। उन्होंने बताया कि बजट में 30 सितंबर 2025 तक जिन पात्र किसानों का फसल कर्ज बकाया है, उन्हें 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी देने की घोषणा की गई है।
नवनाथ बन ने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में किसानों को कोई ठोस राहत नहीं दी। उन्होंने कहा कि उस समय किसानों को मदद के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिले, जबकि महायुति सरकार ने अपने वादों को जमीन पर उतारने का काम किया है।

भाजपा प्रवक्ता ने संजय राउत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें बजट और कृषि की जानकारी नहीं है, वे इस बजट की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से की गई घोषणाओं को पूरी तरह लागू किया जाएगा और किसानों को वास्तविक लाभ मिलेगा।
नवनाथ बन ने यह भी कहा कि महायुति सरकार ने किसानों के लिए मुफ्त बिजली, सिंचाई सुविधाएं, खेत तालाब, कृषि पंप, सौर पंप और कृषि उपकरणों पर सब्सिडी जैसी कई योजनाएं लागू की हैं। साथ ही किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रयास कर रही हैं।
इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष के उस आरोप को भी खारिज किया कि यह बजट ठेकेदारों के लिए है। बन ने कहा कि यह बजट विकास को गति देने वाला और विपक्ष को करारा जवाब देने वाला बजट है।
महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर बोलते हुए नवनाथ बन ने साफ कहा कि जब तक महायुति सरकार सत्ता में है, तब तक लाडकी बहिन योजना जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि इस योजना के जरिए महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत किया गया है और इसे बंद कराने की विपक्ष की कोशिशें सफल नहीं होंगी।