अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस यानी एलटीटी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट की ओर से आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान यात्रा कर रही महिला यात्रियों को रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। आरपीएफ कर्मियों ने महिलाओं को बताया कि यदि यात्रा के दौरान किसी भी यात्री या विशेष रूप से महिला यात्री को किसी प्रकार की परेशानी, असुविधा या सुरक्षा से जुड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है तो वह तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा 1512 जीआरपी कंट्रोल नंबर पर भी फोन कर सहायता की मांग की जा सकती है।

आरपीएफ अधिकारियों ने महिला यात्रियों को आश्वस्त किया कि हेल्पलाइन पर सूचना मिलते ही संबंधित टीम तत्काल सक्रिय होकर मौके पर पहुंचती है और जरूरतमंद यात्रियों को तुरंत सहायता प्रदान करती है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस तरह के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा सुविधाओं के बारे में जानकारी देना है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में वे बिना हिचकिचाहट मदद मांग सकें।
महिला दिवस के अवसर पर चलाया गया यह अभियान यात्रियों के बीच सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।