Home राज्यमहाराष्ट्रमुंबई के बंगाली प्रवासी समुदाय का संकल्प, पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने की अपील

मुंबई के बंगाली प्रवासी समुदाय का संकल्प, पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने की अपील

by Suhani Sharma
0 comments

मुंबई में रहने वाले बंगाली प्रवासी समुदाय ने पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के लिए भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है। समुदाय के लोगों ने आगामी चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत दिलाने का संकल्प जताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 मार्च 2026 को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड मैदान से पश्चिम बंगाल में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए टीएमसी सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता इस बार बदलाव के मूड में है और राज्य में तेज विकास तथा सुशासन के लिए भाजपा को मौका देने का मन बना चुकी है।
महाराष्ट्र में करीब 16 लाख से अधिक बंगाली प्रवासी रहते हैं, जिनमें से बड़ी संख्या मुंबई में निवास करती है। यह समुदाय सोना और कृत्रिम आभूषण निर्माण, फूलों के व्यापार, होटल उद्योग के साथ-साथ आईटी और प्रबंधन जैसे कई क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।


मुंबई के मलाड पूर्व में आयोजित एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बंगाली समुदाय के लोग जुटे, जहां प्रधानमंत्री के ब्रिगेड मैदान से दिए गए संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। इस दौरान महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री विजयभाई गिरकर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और अब बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने बंगाल के मतदाताओं से बड़ी संख्या में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
भाजपा महाराष्ट्र के बंगाली प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रंजन चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव में देशभर में रहने वाला बंगाली प्रवासी समुदाय भी अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अपराध से त्रस्त जनता टीएमसी सरकार को सत्ता से हटाकर भाजपा को मौका देने के लिए तैयार है।


रंजन चौधरी ने यह भी बताया कि भाजपा का बंगाली प्रकोष्ठ चुनाव के दौरान महाराष्ट्र में रहने वाले बंगाली मतदाताओं को अपने गृह राज्य जाकर मतदान करने के लिए प्रेरित करेगा और इसके लिए हर संभव सहयोग देने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं भाजपा की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य शुभमय दास ने कहा कि महाराष्ट्र के बंगाली समुदाय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति काफी विश्वास है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पश्चिम बंगाल जाकर पार्टी के पक्ष में प्रचार अभियान चलाने की तैयारी कर रहे हैं।

You may also like

Leave a Comment