
ओंकारेश्वर, मध्य प्रदेश: सावन माह के चौथे सोमवार को तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर की भव्य महासवारी निकाली गई। गौमुख घाट से शुरू हुई यह महासवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों और गुलाल की वर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
महासवारी में सजे-धजे घोड़े और ऊंट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं आतिशबाजी के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरी तीर्थनगरी गूंज उठी।
महासवारी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
आस्था, उल्लास और शिवभक्ति के बीच भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर की यह महासवारी भव्य रूप से संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।