
रामपुर बाघेलान: सतना जिले के रामपुर बाघेलान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत तपा स्थित श्री विदुर सर्राफ मेमोरियल भारत इंटरनेशनल स्कूल में ‘खाकी संग राखी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण के साथ हुई।
स्कूल संचालक के आमंत्रण पर रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप चतुर्वेदी, महिला सब इंस्पेक्टर प्रीती कुशवाहा समेत पुलिसकर्मी स्कूल पहुंचे। इस दौरान नन्हे छात्र-छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और पुलिसकर्मियों के बीच आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। मौजूद लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, स्कूल प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम में शामिल हुए थाना प्रभारी, महिला सब इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के जरिए बच्चों और पुलिस के बीच विश्वास, अपनापन और सहयोग की भावना मजबूत करने का संदेश दिया गया।