आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत को 76 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और टीम सिर्फ 111 रन पर सिमट गई।
मैच में भारत के लिए शिवम दुबे ने 42 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाजों से कोई खास योगदान नहीं मिला। साउथ अफ्रीका की ओर से केशव महाराज की फिरकी ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया और उन्होंने तीन अहम विकेट चटकाए।
इस हार के बाद टीम इंडिया का नेट रन रेट -3.800 तक गिर गया है, जिससे सेमीफाइनल की राह मुश्किल नजर आ रही है। अब भारत को सुपर 8 के अपने बचे हुए दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे।

भारत को जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि नेट रन रेट में सुधार हो सके। अगर टीम इंडिया ऐसा करने में नाकाम रहती है, तो टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा बढ़ सकता है।
अब सबकी नजर टीम इंडिया के अगले मुकाबलों पर है, जहां जीत ही नहीं बल्कि बड़ी जीत भी जरूरी होगी।