
रुड़की/हरिद्वार:
लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने नारसन बॉर्डर पहुंचकर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने नारसन बॉर्डर से हरिद्वार तक यात्रा मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, मेडिकल सुविधाओं और विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
भारी बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति भी बनी है। जिलाधिकारी ने नगर निकाय और संबंधित विभागों को तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। निर्धारित मानकों से अधिक 10 फीट चौड़ी और 12 फीट ऊंची कांवड़ तथा नियमों के विपरीत डीजे वाहनों को नारसन बॉर्डर से ही वापस लौटाया जा रहा है।
लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने कांवड़ियों से प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने और यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की है।