
गणेशोत्सव को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने सड़कों के गड्ढों की समस्या को प्राथमिकता देते हुए सभी महानगरपालिकाओं को सड़कों की मरम्मत तेज करने के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महानगरपालिका आयुक्तों के साथ बैठक कर गणेश विसर्जन और शोभायात्राओं के प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री ने बारिश के दौरान सड़क के गड्ढे भरने के लिए प्री-कास्ट और जियो-पॉलिमर टेक्नो पैच जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। साथ ही 24 घंटे सड़क मरम्मत व्यवस्था तैयार रखने, अधिकारियों की टीम बनाकर नियमित निरीक्षण करने और नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों का तत्काल निवारण करने को कहा गया है।
अन्य विभागों के अधीन आने वाली सड़कों के गड्ढों को भी संबंधित एजेंसियों से तुरंत भरवाने के निर्देश दिए गए हैं। गणेशोत्सव के दौरान नए सड़क खुदाई कार्यों की अनुमति नहीं देने को भी कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं और गणेश मंडलों को आवागमन में परेशानी न हो।
सरकार ने गड्ढामुक्त, सुरक्षित और सुविधाओं से युक्त गणेशोत्सव आयोजित करने वाली महानगरपालिकाओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। वहीं खराब काम करने वाली महानगरपालिकाओं और संबंधित अधिकारियों की शासन स्तर पर निगरानी की जाएगी।