
नाशिक: महाराष्ट्र के नाशिक शहर में सड़क धंसने से बड़ा हादसा हो गया। नवश्या गणपति क्षेत्र के पास सड़क अचानक धंस गई, जिसके चलते सड़क निर्माण कार्य के लिए गिट्टी लेकर आया एक डम्पर करीब 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।
जानकारी के मुताबिक, सड़क निर्माण कार्य के लिए डम्पर से गिट्टी उतारी जा रही थी। इसी दौरान अचानक सड़क का हिस्सा धंस गया और गिट्टी से भरा डम्पर गड्ढे में जा गिरा। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। गनीमत रही कि घटना के वक्त कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
इस घटना के बाद नाशिक शहर में सड़कों की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। गड्ढों और खराब सड़कों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
गौरतलब है कि पालकमंत्री की ओर से शहर के करीब 80 प्रतिशत गड्ढे भरने का दावा किया गया है। साथ ही चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नागरिकों को भरोसा दिलाया गया है। लेकिन डम्पर के सड़क धंसने से बने गड्ढे में गिरने की घटना ने इन दावों और सड़क की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय स्तर पर सड़क निर्माण में गुणवत्ता की जांच, मजबूत निर्माण और सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन की मांग जोर पकड़ रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस घटना के बाद सड़क की गुणवत्ता की जांच को लेकर क्या कदम उठाता है।