Home दुनियागंगा की लहरों में समा गया घर का इकलौता चिराग, नहाने गया 15 साल का हर्ष वापस नहीं लौटा

गंगा की लहरों में समा गया घर का इकलौता चिराग, नहाने गया 15 साल का हर्ष वापस नहीं लौटा

by Kalpana Pandey
0 comments
गंगा की लहरों में समा गया

कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बदनपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गंगा में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर हर्ष सिंह उर्फ कुल्लू की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हर्ष शोभना गांव निवासी मनीष सिंह का बेटा था और चार बहनों का इकलौता भाई था। बताया जा रहा है कि हर्ष अपने दोस्तों के साथ गंगा घाट पर नहाने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी की तेज धाराओं में समा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में डूब चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई। काफी देर की मशक्कत के बाद हर्ष को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत पीएचसी मूरतगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हर्ष की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हर्ष अपने माता-पिता की आंखों का तारा था और चार बहनों का अकेला भाई होने के कारण परिवार की सारी उम्मीदें उसी से जुड़ी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

You may also like

Leave a Comment