
मुंबई के वाकोला मछली बाजार में मछली काटने पर कथित प्रतिबंध की खबरों के बीच मुंबई की मेयर श्रीमती ऋतु तावड़े खुद बाजार पहुंचीं और कोली समाज की महिलाओं तथा मछली कारोबारियों से मुलाकात की।
मेयर ऋतु तावड़े ने साफ कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका की ओर से मछली काटने पर किसी भी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। उन्होंने कोली समुदाय को आश्वस्त करते हुए कहा कि मुंबई के सभी मछली बाजारों में कारोबारी बिना किसी डर और दबाव के अपना व्यवसाय जारी रखें।
मेयर ने स्थानीय अंदाज में कहा
“मैं हूं तुम्हारे साथ, बेफिक्र होकर मछली काटो।”
उन्होंने कहा कि कोली समाज मुंबई का मूल निवासी समाज है और महानगरपालिका पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। सोशल मीडिया और कुछ माध्यमों में फैलाई गई रोक की खबरों को उन्होंने अफवाह और दुष्प्रचार बताया।
इस दौरान मेयर ने बाजार में मौजूद मछली विक्रेताओं से बातचीत भी की। कोली महिलाओं ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार से रोका नहीं गया और न ही कोई परेशानी दी जा रही है।
मेयर ऋतु तावड़े ने यह भी कहा कि अगर भविष्य में कोई व्यवसाय में बाधा डालने की कोशिश करता है तो कारोबारी सीधे उनसे संपर्क करें, उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।