
बलिया: बलिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने सुपरफास्ट गरीब नवाज एक्सप्रेस ट्रेन में शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने AC कोच अटेंडेंट के बैग से दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के भागलपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोप है कि वह उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए बिहार ले जाता था और वहां महंगे दामों पर बेचता था।
बलिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चेकिंग के दौरान GRP को AC कोच अटेंडेंट के बैग पर शक हुआ। तलाशी लेने पर बैग से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से शराब तस्करी में शामिल था और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।