
ठाणे: ठाणे की खाड़ी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेतीबंदर स्थित गणेश विसर्जन घाट के पास खाड़ी में नहाने गए तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसा मुंबई-नासिक हाईवे के किनारे हुआ।
जानकारी के मुताबिक, 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:08 बजे हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि मुंब्रा के ठाकूरपाड़ा इलाके के रहने वाले तीन लोग खाड़ी में नहाने के लिए उतरे थे। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
सूचना मिलते ही कळवा पुलिस, नारपोली पुलिस, अग्निशमन दल, आपदा प्रबंधन कक्ष और ठाणे आपदा प्रतिसाद दल (TDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। TDRF के जवानों ने करीब चार घंटे तक खाड़ी में सर्च ऑपरेशन चलाया और तीनों को पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद तीनों को एंबुलेंस से छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल, कळवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान आलम सय्यद (42), रिझवान सय्यद (42) और साहिल पोलंदास (30) के रूप में हुई है।
फिलहाल कळवा पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।