
मुंबई: महाराष्ट्र सरकार मुंबई एयरपोर्ट के पास विले पार्ले में ‘नंदगिरी स्टेट गेस्ट हाउस’ बनाने जा रही है। प्रस्तावित गेस्ट हाउस में देश-विदेश से आने वाले वीआईपी मेहमानों और ट्रांजिट यात्रियों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक यह इमारत छह मंजिला होगी और इसमें 39 गेस्ट रूम, कॉन्फ्रेंस सुविधा तथा 42 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी।
महाराष्ट्र के विपणन एवं राजशिष्टाचार मंत्री जयकुमार रावल ने अधिकारियों को गेस्ट हाउस में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। यहां ड्राइवरों और सुरक्षा कर्मचारियों के लिए अलग आवास की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। गेस्ट हाउस का निर्माण मुंबई एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण राज्य में आने वाले मान्यवर अतिथियों और ट्रांजिट यात्रियों के लिए सुविधाजनक माना जा रहा है।