महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली महायुति ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए राज्य की सियासत में बड़ी बढ़त बना ली है। 29 महानगरपालिकाओं के लिए हुए चुनावों की मतगणना शुक्रवार सुबह 10 बजे शुरू हुई और शुरुआती रुझानों से लेकर ताजा अपडेट्स तक बीजेपी का दबदबा साफ नजर आ रहा है।
मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) सहित पुणे, नागपुर, नासिक, कोल्हापुर और छत्रपति संभाजीनगर जैसे अहम नगर निगमों में बीजेपी सबसे ज्यादा वार्डों में आगे चल रही है। शिवसेना दूसरे नंबर पर बनी हुई है, जबकि कांग्रेस और अन्य दलों को अपेक्षा से कमजोर प्रदर्शन का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस बढ़त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल और डबल इंजन सरकार की नीतियों का परिणाम बताया है। फडणवीस ने कहा कि शहरी विकास, बुनियादी ढांचे और सुशासन पर जनता ने भरोसा जताया है, जिसका असर इन चुनावी नतीजों में साफ दिखाई दे रहा है।
चुनाव परिणामों में कई हाई-प्रोफाइल मुकाबले भी चर्चा में रहे। महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट की बेटी हर्षदा संजय शिरसाट ने छत्रपति संभाजीनगर के वार्ड नंबर 18 से जीत दर्ज की है, जबकि उनके बेटे सिद्धांत शिरसाट वार्ड 29 से आगे चल रहे हैं। वहीं पुणे में रवींद्र धंगेकर की पत्नी प्रतिभा धंगेकर पिछड़ती नजर आ रही हैं, जबकि जेल में बंद सोनाली अंदेकर ने बढ़त बना ली है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नगर निगम चुनावों में यह रुझान आने वाले समय में राज्य की राजनीति को नई दिशा दे सकता है। विधानसभा चुनावों के बाद नगर निगम स्तर पर भी बीजेपी की मजबूती विपक्ष के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।
आंकड़े
रुझान / सीटें: 2519 / 2869
बीजेपी: 1290
शिवसेना: 352
कांग्रेस: 270
शिवसेना (यूबीटी): 147
एनसीपी (अजित): 122
AIMIM: 77
एनसीपी (एसपी): 29
VBA: 14
मनसे: 14
अन्य: 202
29 में से 23 नगर निगमों में बीजेपी आगे
(नतीजे अंतिम होने के साथ तस्वीर और साफ होने की उम्मीद)