टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां पाकिस्तान टीम ने 212 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर मुकाबला तो जीत लिया, लेकिन इसके बावजूद वह सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया। पल्लेकेले में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका के द्वारा 147 रन का आंकड़ा पार करते ही पाकिस्तान के सपनों पर पानी फेर दिया।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने 60 गेंदों में 100 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि फखर जमां ने 42 गेंदों पर 84 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 176 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई और पाकिस्तान ने 8 विकेट पर 212 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को श्रीलंका को 147 रन से पहले रोकना जरूरी था। जवाब में श्रीलंका की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन पवन रत्नायके के 58 रन और कप्तान दसुन शनाका की 31 गेंदों में नाबाद 76 रन की तूफानी पारी ने मैच का रुख बदल दिया। जैसे ही श्रीलंका ने 147 का आंकड़ा पार किया, पाकिस्तान का सेमीफाइनल का सपना टूट गया। अंततः श्रीलंका 207 रन तक पहुंचा और मुकाबला 5 रन से हार गया, लेकिन पाकिस्तान को बाहर करने में सफल रहा।
इस नतीजे के साथ ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। पाकिस्तान के बाहर होने के बाद अब दोनों सेमीफाइनल मुकाबले भारत में ही खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल कोलकाता के ईडेन गार्डन में होगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
अब नजरें भारतीय टीम पर टिकी हैं। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। यह मुकाबला भी ईडन गार्डंस में खेला जाएगा। टीम इंडिया अगर यहां से हर मैच जीतती है तो ही खिताब बरकरार रखने की राह आसान होगी।
कुल मिलाकर, पाकिस्तान की जीत भी उसे बचा नहीं सकी और अब टी20 विश्व कप का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है, जहां हर मुकाबला नॉकआउट जैसा बन गया है।