ईरान की राजधानी तेहरान में अमेरिकी हमले के बाद बड़े पैमाने पर तबाही की खबर सामने आई है। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक गुरुवार को पश्चिमी तेहरान में स्थित आजादी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के भीतर बना करीब 12 हजार सीटों वाला स्पोर्ट्स स्टेडियम पूरी तरह नष्ट हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार यह स्टेडियम मुख्य रूप से वॉलीबॉल मैचों की मेजबानी के लिए इस्तेमाल किया जाता था। हमले में ईरान के साइक्लिंग फेडरेशन का छात्रावास और उसकी नई इमारत भी तबाह हो गई। इसके अलावा कॉम्प्लेक्स में मौजूद मुख्य स्विमिंग पूल और रोइंग यानी नौकायन फेडरेशन के कुछ हिस्सों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इजरायल और अमेरिका ने दक्षिण तेहरान में स्थित ‘बेसात’ नाम के एक अन्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को भी निशाना बनाया, जहां लड़ाकू विमानों से सात मिसाइलें दागी गईं।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह से इजरायल और अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू किए थे। इसके जवाब में ईरान ने भी इजरायली ठिकानों और मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी संपत्तियों पर जवाबी हमले किए।
तस्नीम के अनुसार इन हमलों में ईरान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,045 तक पहुंच गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस बीच क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।