Home स्पोर्ट्सक्रिकेटटी20 वर्ल्ड कप जीतते ही देशभर में जश्न, मुंबई से पुंछ तक सड़कों पर उतरे फैंस

टी20 वर्ल्ड कप जीतते ही देशभर में जश्न, मुंबई से पुंछ तक सड़कों पर उतरे फैंस

0 comments

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। जैसे ही मैच खत्म हुआ, देश के अलग-अलग शहरों में लोग सड़कों पर उतर आए और तिरंगा लहराते हुए जीत का जश्न मनाने लगे।

दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, रायपुर, पटना और रांची समेत कई शहरों में क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोग ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते हुए “भारत माता की जय” और “टीम इंडिया जिंदाबाद” के नारे लगा रहे थे। कई जगहों पर पटाखे फोड़े गए और लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।

जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले पुंछ में भी टीम इंडिया की जीत का खासा उत्साह देखने को मिला। यहां लोगों ने ढोल की थाप पर भांगड़ा कर भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया। सीमावर्ती इलाके में भी देर रात तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी जीत का जश्न देखने लायक था। छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में फैंस जमा हो गए और “इंडिया-इंडिया” के नारों के साथ टीम इंडिया की जीत का स्वागत किया। कई लोगों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर यह जीत देश के लिए खास तोहफा है।

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एमजी रोड पर हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। फैंस तिरंगा लहराते हुए नाच-गाना कर रहे थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा, लेकिन लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।

छत्तीसगढ़ के रायपुर, उत्तर प्रदेश के कानपुर और बिहार के पटना समेत कई शहरों में भी देर रात तक जश्न चलता रहा। युवाओं ने बाइक रैली निकाली, आतिशबाजी की और ढोल की थाप पर नाचते हुए जीत का जश्न मनाया।

दरअसल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। अभिषेक शर्मा ने 52 रन और संजू सैमसन ने 89 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने 24 रन जोड़कर टीम का स्कोर 255 रन तक पहुंचा दिया।

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 19 ओवर में 159 रन पर ही ऑलआउट हो गई। इसके साथ ही भारत ने 96 रनों की बड़ी जीत दर्ज करते हुए टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में दिवाली जैसा माहौल देखने को मिला और हर जगह बस एक ही आवाज गूंजती रही “टीम इंडिया जिंदाबाद”।

You may also like

Leave a Comment